ज्यौड़ियां। पीएचई विभाग के डेलीवेजर कर्मचारियों की तरफ से लंबित मांगों को लेकर हड़ताल के चलते खौड़ तथा ज्यौड़ियां क्षेत्र के कंडी इलाकों में जीवन बसर कर रहे लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
कंडी क्षेत्र के लोगों ने सरकार से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। खौड़ उपजिले की कंडी क्षेत्र की पंचायत नाथल के सरपंच धनी राम ने बताया कि उनकी पंचायत में पानी के लिए हाहकार है। पंचायत में पानी का अन्य कोई स्रोत नहीं है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए हमारी भी सरकार को चेतावनी है कि इन पीएचई के डेलीवेजर के मसले को जल्द हल किया जाए।
ज्यौड़ियां तहसील की पंचायत ढोक खलासा के पूर्व सरपंच व पंच सुबेदार काली दास ने बताया कि पीएचई के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते उनकी पंचायत में भी पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है और पानी नहीं मिलने पर लोग परेशान हैं। इससे पहले कि परेशान लोग भी सड़कों पर उतर आएं। सरकार को जल्द से पानी की व्यवस्था कर देनी चाहिए। तहसील ज्यौड़ियां तथा खौड़ उपजिले के कंडी क्षेत्र के गांव ढोक खालसा, जड भगतां, जड, कलीठ, ढागरीं, नारायणा, ढलेरी, ठगंर, सेलांवाली, बनदोवाला, चकभगवाना, कालीबड़ी, पंजगराईं, भलवाल ब्राह्मणा, ठंडीचोई, सेड, शुआरा, कला लोअर तथा कला अपपर, जोगवां, सेरीपलाई आदि गांवों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। इन सभी गांवों में पानी का अन्य स्रोत भी नहीं है।
------------
लोगों की पानी की दिक्कतें बढ़ीं
सांबा। पीएचई विभाग के सीपी वर्कर्स के संगठन यूनाइटेड फ्रंट की ओर से की गई हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इससे आम लोगों को पानी की दिक्कतें होने लगी हैं। उधर सीपी वर्कर्स संगठन नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जो भी सरकार आई सीपी वर्कर्स की मांगों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं दिखाई है। झूठे वादे ही किए। इसके चलते सीपी वर्कर्स निराश हैं। उन्हें पक्का किया जाए और बकाया एरियर दिया जाए। संवाद