ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई नहीं हो पाने के कारण पेयजल के लिए हाहाकार मच गया है। इसको लेकर लोगों में पीएचई विभाग के प्रति भारी रोष है। मिली जानकारी के अनुसार गत दस दिनों से दोमाना ट्यूबवेल का पंप सेट खराब चल रहा है।
हालांकि सोमवार को इसे ठीक करने का दावा किया गया था, लेकिन उसके बाद भी पंप के ठीक काम नहीं करने से लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा। पानी की सप्लाई पूरी नहीं होने के कारण लोगों और पीएचई कर्मियों में रोजाना विवाद हो रहे हैं, जबकि मुलाजिम अपने स्थान पर मजबूर हैं।
मुलाजिमों की मानें तो जो पंप हौज को आधे घंटे में भरता है। इन दिनों ढाई घंटे में भरा जा रहा है। पहले से ही तीसरे दिन पानी की सप्लाई की मार को झेल रहे लोगों को अब नई मुसीबत का समाना करना पड़ रहा है।
सूत्रों की मानें तो पीएचई विभाग में मेकेनिकल विंग और सिविल विंग के बीच में तालमेल नहीं होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग को समस्या से निजात दिलाने की मांग करते हुए कहा कि अगर विभाग अगले दो दिनों में इस समस्या से निजात नहीं दिला पाता तो लोगों को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी पीएचई विभाग की होगी।