बिलावर उपमंडल के कोहग गांव में चार दिनों से पानी सप्लाई न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल शक्ति विभाग को चेतावनी दी है कि जल्द गांव में पानी की सप्लाई नहीं की गई, तो वह धार सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
स्थानीय निवासी पंडित शशि पाल ने बताया कि गांव में पिछले चार दिन से पेयजल सप्लाई प्रभावित है। इसकी वजह से गांव से कई किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। अमित गुप्ता ने बताया कि कई बार जल शक्ति विभाग को गांव में पेयजल की किल्लत के बारे में अवगत करवा चुके हैं। लेकिन समस्या जस की तस बनी है।
सुभाष गुप्ता ने बताया कि गांव में दो हैंडपंप लगाए गए हैं। वह भी खराब हैं। इससे दुश्वारियां बढ़ गई हैं। समर प्रदीप ने कहा कि लोग काफी परेशान हो रहे हैं। लेकिन विभाग समस्या का समाधान करने के लिए गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के एईई अनिल जंजुआ से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि ग्रेविटी सिस्टम के तहत इलाके में पेयजल सप्लाई की जाती है और हर तीसरे दिन गांव में पानी की सप्लाई होती है। उन्होंने कहा कि ग्रेविटी सिस्टम की पाइप लाइन को क्षति पहुंचने के कारण पेयजल सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसे ठीक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को गांव में पेयजल सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।