जम्मू। तापमान बढ़ने के साथ शहर में जलसंकट बढ़ता जा रहा है। शहर के अधिकांश इलाकों में पानी की किल्लत गहरा गई है। इंदिरा चौक के साथ लगते रघुनाथपुरम मोहल्ले में मंगलवार को पानी नहीं आने से लोग परेशान रहे। लोगों को निजी टैंकर हायर कर प्यास बुझानी पड़ी। बीते तीन दिन से नलों में मटमैला पानी आ रहा है। इसी तरह बख्शी नगर मोड़ के साथ लगते शांतिनगर मोहल्ले में भी तीन दिन से पानी नहीं आया। चौथे दिन मंगलवार को पानी आया, लेकिन 15 मिनट के लिए। इस कारण लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पाया है। इसी तरह राजपुरा, राजपुरा चुंगी, शक्तिनगर, तालाब तिल्लो में पानी का प्रेशर काफी कम रहा। यहां पर समस्या का हल नहीं हो पाया है।
इसके अलावा शहर के नरवाल, बठिंडी, सुजवां, सिद्दड़ा, बाहु फोर्ट इलाकों में भी पेयजल किल्लत गहराई गई है। नलों में पानी का प्रेशर का बिल्कुल भी नहीं है। ऐसे में लोग पेयजल के लिए परेशान रहे। पानी का प्रेशर कम होने का कारण जलशक्ति विभाग बिजली कटौती को बता रहा है। कट लगने के कारण पानी लिफ्ट करने वाली मशीनें बंद हो रही हैं। बिजली आने के दो घंटे बाद पानी स्टोर हो रहा है। इस कारण भी जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पा रहा है।
मांग 64 एमजीडी आपूर्ति हो रही 45 एमजीडी
शहर में 64 एमजीडी पानी की जरूरत है। मौजूदा समय में 54 एमजीडी पानी मिल रहा है। बिजली कटौती के दौरान तो 44 से 45 एमजीडी पानी की आपूर्ति हो पा रही है। इस कारण भी पेयजल किल्लत गहरा रही है। अगर ऐसे ही तापमान में बढ़ोतरी जारी रही तो समस्या विकराल हो सकती है।
कोट
पेयजल किल्लत का समाधान किया जा रहा है। जहां पर मटमैले पानी की शिकायतें आ रही हैं। उन जगहों में खराब पाइपों को बदला जा रहा है। लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी दिया जाएगा।
- संदीप डोगरा, अधीक्षण अभियंता, जलशक्ति विभाग
-