जम्मू। शहर में तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच गया है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे ही नलों में पानी आने का समय कम होता जा रहा है। शहर में कई जगह 20 से 40 मिनट ही पानी आ रहा है, जबकि पहले सवा घंटा आता था। वहीं, बिजली कट भी दिन में दो से तीन घंटे के लग रहे हैं। इससे भी कामकाज प्रभावित हाे रहा है। लोगों के गर्मी में खूब पसीने छूट रहे हैं।
शहर के रेशमघर कालोनी, बख्शी नगर में 40 मिनट पानी मिल रहा है तो तालाब तिल्लो, राजपुरा चुंगी, राजपुरा में 30 मिनट। बख्शी नगर मोड़ सहित कई इलाकों में 20 मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई है। इसके अलावा गंग्याल और कुंजवानी सहित नरवाल इलाकों में भी पेयजल किल्लत गहराने लगी है। नलों में प्रैशर से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में परेशानी आ रही है।
उधर, रघुनाथपुरम और शांति नगर में दूसरे दिन भी पानी नहीं आया है। इस कारण लोग परेशान रहे। पानी आने का समय घटने का कारण बिजली कटौती है। दिन में दो से तीन घंटे के कट लग रहे हैं। जैसे ही पीक लोड बढ़ रहा है तो कट लग रहे हैं। इससे लोगों के खूब पसीने छूट रहे हैं। बुधवार को पीक लोड 1380 मेगावाट रहा।
तालाब तिल्लो, बख्शी नगर, जानीपुर, पुराना बस स्टैंड, नरवाल, बाहु फोर्ट, कुंजवानी में सुबह आठ से 12 बजे के बीच में कट लगे। बाजारों में हालत यह रही कि बिजली न होने के कारण गर्मी से बचने के लिए लोगों को ठंडे पेयजल नहीं मिल पाए। कारण रहा कि लाइट होने के कारण फ्रीज बंद रहे। बिजली कट लगने के कारण पानी की मोटरें भी बंद हो रही हैं। पानी स्टोरेज टैंकों में दो घंटे के कट लगने के कारण मोटर दोबारा पानी लिफ्ट करने में दो घंटे अतिरिक्त ले रही है। इस कारण भी पानी का समय घटता जा रहा है। लोगों को अब निजी टैंकर हायर कर पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है।
-
वाटर कूलर पड़े खराब, कैसे बुझे प्यास
शहर में वाटर कूलरों का हाल बेहाल है। खराब एटीएम को ठीक करवाने पर काम नहीं हो पाया है। पुराने शहर, तालाब तिल्लो, बस स्टैंड सहित कई इलाकों में वाटर कूलर बदहाल है। पुराने शहर में बाजार एसोसिएशन की ओर से पुराने वाटर कूलरों की मांग भी की है। मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता ने कहा कि एटीएम बाजारों में शोपीस बन गए हैं। इनकी जगह अब नए एटीएम लगने चाहिएं। बाजार में आने वाले लोगों को पानी नहीं मिल रहा है।
-
वाटर एटीएम से पानी आ रहा गर्म
नगर निगम की ओर से बख्शी नगर मोड़ से लेकर राजपुरा चुंगी तक लगे पांच वाटर एटीएम से दो की सेवाएं शुरू की गई हैं मगर पानी गर्म आ रहा है। इस कारण ग्रीन वे में घूमने आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है। इसके अलावा ज्यूल चौक में लगे एटीएम का हाल भी ऐसा ही है। इसके अलावा अन्य जगहों में लगे वाटर एटीएम शोपीस ही बने हुए हैं।
कोट
पेयजल किल्लत का समाधान किया जा रहा है। लाइट गुल होने से भी पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। इस कारण कम समय आपूर्ति हो रही है। विभाग समस्या का समाधान कर रहा है।
- संदीप डोगरा, अधीक्षण अभियंता, जलशक्ति विभाग
-