अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 15 से ज्यादा जगह में वाटर एटीएम सेवा पहली अप्रैल से शुरू होनी थी। बिजली-पानी कनेक्शन न मिलने के कारण काम रुक गया। कनेक्शन के लिए नगर निगम ने 15 मार्च के बाद आवेदन किया। अब औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है, जिसके बाद सेवा शुरू हो सकती है।
हैरत की बात यह है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में काम आरंभ हुआ। मगर बिजली-पानी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया में देरी हुई। अब गर्मी की तपिश बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वाटर एटीएम लगाने का उद्देश्य शुद्ध पेयजल मुहैया करवाना है। निगम के अनुसार कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, एटीएम शुरू कर दिया जाएगा। बीसी रोड, वेयरहाउस, ज्यूल चौक, इंदिरा मार्केट समेत अन्य जगह में वाटर एटीएम लगाए गए हैं।
पहले वाटर कूलर लगाए गए थे, जो उचित रखरखाव न होने पर खराब है। इस कारण गर्मी के मौसम में लोगों को प्यास बुझाने में परेशानी आती है। दूसरी ओर, वाटर एटीएम का काम अधिकांश जगहों पर चल रहा है।
आवेदन आया है, जल्द ही कनेक्शन दिए जाएंगे। जरूरी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।
- राजेश शर्मा, एक्सईएन, बिजली कारपोरेशन
शहर में वाटर एटीएम की सुविधा के लिए पानी के कनेक्शन मुहैया करवाए जाएंगे। नगर निगम ने आवेदन किया है। लाेगों को सुविधा दी जाएगी।
- विजय गुप्ता, एक्सईएन, जलशक्ति विभाग
वाटर एटीएम कुछ जगहों में स्थापित किए हैं। कई जगह काम चल रहा है। बिजली और पानी कनेक्शन के लिए मिलने के बाद इन्हें चालू कर दिया जाएगा।
- राहुल यादव, आयुक्त, नगर निगम
लोगों को बेहतर सुविधा देने पर काम हो रहा है। इसी कड़ी में वाटर एटीएम लगाए गए हैं। इन्हें जल्द चालू करवाया जाएगा।
- राजिंदर शर्मा, मेयर