पौनी। ब्लॉक के रनसु शिव खोड़ी जाने वाले सड़क मार्ग को मौजूदा समय में चौड़ा करने का काम लोक निर्माण विभाग ने किया था लेकिन सड़क के किनारे नालियां बनाना विभाग भूल गया है। अब बरसात का पानी लोगों की जमीनों में जा रहा है।
जमीन को भी नुकसान हो रहा है, साथ ही फसल भी खराब हो रही है। स्थानीय निवासी काकू राम व रघुवीर सिंह ने बताया कि आज तक ऐतिहासिक देवस्थान शिवखोड़ी में हमने पूरे सड़क मार्ग पर तारकोल नहीं देखा। संबंधित विभाग एक महीना काम करता है फिर अधूरा छोड़ देता है। सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जानी थी, वह नहीं बनाई गई। इस कारण शेर सिंह, दर्शन कुमार दलीप कुमार, यश पॉल, मोहम्मद जवेर की जमीनों में सड़क का पानी जा रहा है। उपजाऊ जमीन को नुकसान हो रहा है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त इंजीनियर सुमिरत ने बताया कि कंडा से शिवखोड़ी मार्ग पर नाली बनाई गई है लेकिन नाली अभी कच्ची है। कल रात को भूस्खलन होने से कई जगह नालियां बंद हो गई हैं। कुछ जगह पर विवाद होने के कारण नाली को अधूरा छोड़ गया है। ब्लॉक हुई नालियों को जेसीबी लगा कर खोलने का काम जारी है।