जम्मू। जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में मौसम में बदलाव आया है। कश्मीर में दिन के साथ रातें भी ठंडी हुई हैं। जम्मू संभाग में भी गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड में भी इजाफा होगा। 16 अक्तूबर को जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री नीचे चल रहा है। यहां रात में भी न्यूनतम तापमान में कई जिलों में पारा दस डिग्री से नीचे चला गया है। बीते चौबीस घंटे में कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज हुई है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री गिरकर 21.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान 3.8 और गुलमर्ग में 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान 1.2 और कारगिल में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में मौसम साफ रहा, लेकिन दिन में तपिश कम हुई है। रात्रि में भी ठंडी हवाएं सर्दी का अहसास करवा रही हैं। यहां दिन का तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 27.0, बटोत में 25.1, कटड़ा में 30.6 और भद्रवाह में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिवाली पर प्रदेश के अधिकांश जिलों में सर्दी के पूरी तरह से दस्तक देने की उम्मीद है। मौसम ड्राई होने के साथ शारीरिक समस्याएं भी बढ़ेंगी।