जम्मू। ठंड का असर जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर रहा है। बाजाराें में दिन के समय ग्राहकों की भीड़ नजर नहीं आ रही। शाम ढलते ही यहां सन्नाटा पसर रहा है। घर, दफ्तर और सार्वजनिक स्थानों में लोग अलाव के सहारे हैं। वीरवार को जम्मू शहर में सीजन की सबसे सर्द रात बीती। जम्मू शहर के बनतालाब क्षेत्र में स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की ऑब्जरवेटरी में वीरवार की रात न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री गिरकर 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन का तापमान भी सामान्य से 7.2 डिग्री गिरकर 13.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट भी रहेगी।
शुक्रवार की सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ मौसम में सुधार हुआ, लेकिन बर्फीली हवाएं जारी रहीं। बाजारों से खरीदारों की भीड़ गायब है। कई सड़कों पर देर शाम के बाद सन्नाटा पसर रहा है। चौक-चौराहों पर लोग आग जलाकर ठंड से बचने लिए उपाय कर रहे हैं। घरों से बाहर लोग जरूरी कार्यों के लिए ही निकल रहे हैं। जम्मू में पारा गिरने के साथ आर्द्रता का प्रतिशत भी 90 से ऊपर चला गया है। सुबह और शाम कोहरे की चादर छा रही है। जम्मू संभाग के सभी जिलों में दिन और रात का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चल रहा है। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री गिरकर 9.8, बटोत में सामान्य से 3.1 डिग्री गिरकर 10.3, कटड़ा में सामान्य से 6.8डिग्री गिरकर 12.5 और भद्रवाह में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।