राज्य के प्रथम चरण में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। 25 नवंबर को होने जा रहे किश्तवाड़, इंदरवल, डोडा, भद्रवाह, रामबन, बनिहाल, गुरेज, बांडीपोरा, सोनावाड़ी, कंगन, गांदरबल, नोबरा, लेह, कारगिल और जंस्कार विधानसभा चुनाव क्षेत्रों के मतदाताओं को बिगड़े हुए मौसम के मिजाज का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि मौसम विभाग श्रीनगर का कहना है कि 25 नवंबर को घाटी में मौसम मामूली खराब हो सकता है। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को मौसम बिगड़ सकता है और कश्मीर संभाग के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हलकी बर्फबारी हो सकती है। जम्मू संभाग के क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने की संभावनाएं कम बताई जा रही हैं। मैदानी क्षेत्रों में हलकी बारिश के आसार बताए जा रहे हैं।
उधर, डोडा के डीसी श्याम विनोद मीणा का कहना है कि मौसम के बिगड़ने के मद्देनजर सुरक्षा बलों, चुनाव अधिकारियों और कर्मियों को चॉपर के जरिये जिले के दूरदराज क्षेत्रों में भिजवाए जाने का प्रबंध है। क्षेत्र के मतदाताओं को अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंच कर मतदान करने की अपील भी की जा रही है।
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज क्षेत्रों बाड़वान, मड़वा, पाडर के कुछ इलाके जैसे मचैल क्षेत्रों में मौसम के मद्देनजर दो दिन पहले ही हेलीकाप्टर से सुरक्षा कर्मी और चुनाव कर्मचारियों और अधिकारियों को भिजवाए जाने का सिलसिला जारी है।