दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए सर्च आपरेशन के दौरान हिंसक प्रदर्शन हुए। लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।
जानकारी के अनुसार जिले के पिंजूरा गांव में सुरक्षा बलों को कुछ आतंकियों के होने की खबर मिली थी जिसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। जिस समय सुरक्षा बलों द्वारा इलाके की घेराबंदी की जा रही थी, उस समय लोग घरों से बाहर निकल आए और प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने देश विरोधी नारे लगाते हुए पथराव शुरू कर दिया। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख सुरक्षा बलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए। दिन भर इलाके में हिंसक प्रदर्शन जारी रहे। गौरतलब है कि रविवार को पुलवामा जिले के त्राल में 2 आतंकियों के मारे जाने पर भी कई जगहों पर प्रदर्शन देखने को मिले थे।