दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़पें देखने को मिलीं। स्थिति को नियंत्रण करने को सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुलवामा में सुरक्षाबलों ने एक दुकानदार को गिरफ्तार किया। जैसे ही यह खबर इलाके में फैली तो लोग सड़क पर उतर आए और उसकी रिहाई के लिए प्रदर्शन शुरू किया।
इस बीच कुछ युवाओं ने इलाके में तैनात सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू किया, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए सुरक्षाबलों ने बल प्रयोग किया, लेकिन जब हालात नियंत्रण से बाहर हुए तो सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे।
गौरतलब है कि पथराव के दौरान इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई, जिसके चलते इलाके में दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करनी पड़ीं। ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार कुछ पत्थरबाजी कर रहे युवाओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। कई घंटे तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।