अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पूरे प्रदेश में बंद प्रीपेड मोबाइल सेवा पांच महीने बाद बहाल कर दी गई है। इस पर एसएमएस सुविधा भी मिलेगी। जम्मू संभाग के सभी 10 जिलों तथा कश्मीर संभाग के दो जिलों कुपवाड़ा व बांदीपोरा में 2जी मोबाइल इंटरनेट सेवा शुरू कर दी गई है।
मोबाइल इंटरनेट का लाभ केवल पोस्टपेड मोबाइल उपभोक्ता ही उठा सकेंगे। सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने बताया कि 153 वेबसाइट की सूची (व्हाइट लिस्ट) जारी की गई है, जिनका उपभोक्ता लाभ उठा सकेंगे। सभी मोबाइल कंपनियों को जरूरी हिदायत दे दी गई है।
कश्मीर में गत 14 अक्तूबर को पोस्टपेड सेवा बहाल की गई थी लेकिन सुरक्षा कारणों से प्रीपेड सेवा को बंद रखा गया था। सुरक्षा कारणों से कश्मीर के आठ जिलों में श्रीनगर, बड़गाम, गांदरबल, बारामूला, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
लोगों को संचार सेवाओं का फायदा देने के लिए जो कंपनियां सॉफ्टवेर या आईटी में काम करती हैं, उन्हें फिक्सड लाइन इंटरनेट सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रीपेड मोबाइल सिम पर इंटरनेट का फायदा लेने के लिए कंपनियों को पोस्टपेड सेवाओं की तर्ज पर वेरीफिकेशन करना होगा। इससे लगभग 35 लाख प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।