राज्यपाल एनएन वोहरा ने नशीले पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए सिविल सोसायटी से सहयोग मांगा है। उन्होंने सिविल सोसायटी से प्रभावशाली सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके साथ ही राज्य को नशीले पदार्थों से मुक्त कराने की दिशा में आवश्यक उपाय करने को भी कहा। वीरवार को वोहरा ने श्रीनगर के नागरिक सचिवालय में सिविल सोसायटी के विभिन्न संगठनों के साथ बैठक के दौरान यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि समाज में नशीले पदार्थों पर अंकुश तभी लगाया जा सकता है जब सिविल सोसायटी का बेहतर सहयोग मिले। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक कदम तो उठा रही है, लेकिन इस बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को इस दिशा में उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। साथ ही राज्य में स्पेशल एंटी नारकोटिक्स सेल बनाए जाने की जरूरत पर भी बल दिया।
बैठक में राज्यपाल के सलाहकार खुर्शीद अहमद गनेई और परवेज दीवान, मुख्य सचिव बीआर शर्मा, वित्त आयुक्त बीबी व्यास, राज्यपाल के प्रमुख सचिव पीके त्रिपाठी, गृह सचिव आरके गोयल, डीजीपी के राजेंद्रा, हाउसिंग कमिश्नर विपुल पाठक, पीडब्ल्यूडी कमिश्नर रोहित कंसल उपस्थित रहे।