कुलगाम में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के दौरे के बाद हिंसा भड़क उठी। युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। इसके बाद उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करने के साथ ही आंसू गैस के गोले दागे गए। इसमें कम से कम दर्जनभर लोगों के घायल होने की खबर है।
मुख्यमंत्री कुलगाम के कैलम में डिग्री कालेज और जेके बैंक के ब्रांच व एटीएम का उद्घाटन करने पहुंची थीं। बताते हैं कि इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों ने मस्जिद से पाकिस्तानी तराने बजाना शुरू कर दिया।
सुरक्षा बलों ने गांव में पहुंचकर लाउड स्पीकर बंद कराया। इस दौरान उनकी युवाओं से झड़प हुई। उद्घाटन के बाद जब वे लौट रही थीं तो युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर तैनात सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में भी सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजी की गई।