हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के शुक्रवार शाम मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से पूरी घाटी में माहौल खराब है। शनिवार को हुई हिंसा में अब तक 16 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं। वहीं तीन पुलिसकर्मी लापता बताए जा रहे हैं।
रविवार को भी जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन हुए। देश विरोधी नारेबाजी की गई। सुरक्षा बलों तथा उनके ठिकानों को निशाना बनाया गया। सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। कई जगह फायरिंग की भी खबर है।
अनंतनाग के अलावा घाटी के कई और इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके साथ ही पूरी घाटी में कर्फ्यू जैसी पाबंदियां हैं। उपद्रव की आशंका में अमरनाथ यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बनिहाल से आगे वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। इस वजह से सैकड़ों यात्री रास्ते में फंसे हुए हैं।
कई पुलिस थानों पर हमला, बंकरों में तोड़फोड़
kashmir protest
- फोटो : PTI
उधर, प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर पुलिस पोस्ट पर हमला किया। साथ ही कुलगाम में भाजपा दफ्तर में हमला कर तोड़फोड़ किया।
अच्छाबल तथा दमहाल हांजीपोरा पुलिस थानों में आग लगाने के साथ ही काजीगुंड के कुंड पोस्ट को भी आग के हवाले कर दिया। बांडीपोरा, काजीगुंज व अनंतनाग जिले के लारनू थाने पर भारी पथराव किया गया। बांडीपोरा में बीएसएफ के बंकर में तोड़फोड़ की गई।
पुलवामा के दो सरकारी दफ्तरों में आग लगा दी गई। काजीगुंड में तीन बसों को भी जला दिया गया। दक्षिणी कश्मीर के वेसू इलाके में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए लगाए गए पुलिस पिकेट पर भी हमला किया गया।
मोबाइल इंटरनेट सेवा पर रोक
घाटी में कर्फ्यू जैसी पबांदियां
- फोटो : PTI
उत्तरी कश्मीर के शेरी, क्रेरी, डेलिना, पट्टन व पलहलान तथा दक्षिणी कश्मीर के अवंतिपोरा, बारसू और शरीफाबाद में भी हिंसक प्रदर्शन हुए। कुलगाम जिले के मीर बाजार व दमहाल हांजीपोरा तथा बारामुला जिले के सोपोर टाउन के वारपोरा इलाके में प्रदर्शन हुए। बनिहाल में भी प्रदर्शनकारियों ने वाहनों पर पथराव किया।
घाटी में उत्पन्न तनाव के मद्देनजर रेल सेवा स्थगित कर दी गई है ताकि पत्थरबाजी की घटनाओं में सरकारी संपत्तियों को नुकसान न पहुंचे। मोबाइल इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है। ब्राड बैंड सेवा सुचारु है। पुलिस के अनुसार माहौल को बिगड़ने से बचाने के लिए इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगाई गई है।