विधानसभा चुनाव का दिन नजदीक आने के साथ ही शहर के साथ लगते ग्रामीण इलाकों में उत्सव जैसा माहौल बन चुका है। सुबह से लेकर शाम तक ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक पार्टियों की तरफ से सभाएं की जा रही हैं। ग्रामीणों को दावतें मिल रही हैं। ग्रामीणों के लिए यह माहौल उत्सव से कम नहीं है।
ग्रामीण इलाकों में सुबह होते ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं को सभाओं की तैयारी करते हुए देखा जा सकता है। जगह-जगह सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। पार्टियों की तरफ से ग्रामीणों को सभा में पहुंचने के लिए न्योते घर-घर जाकर दिए जा रहे हैं। जब ग्रामीण सभा में पहुंच रहे हैं तो उनकी खातिरदारी भी खूब की जा रही है।
एक पार्टी की सभा खत्म होती है तो दूसरी की तैयारी शुरू हो जाती है। दिन में ग्रामीणों का ज्यादातर समय पार्टियों की सभाओं में ही गुजर रहा है। बच्चे इन सभाओं का पूरा आनंद उठा रहे हैं। ग्रामीणों के लिए तो गांव में उत्सव जैसा माहौल बन चुका है।
गांव में जहां भी चार लोग इकट्ठा हो रहे हैं, वहां पर चुनाव को लेकर चर्चा चल रही है। सभी अपनी तरफ से आकलन लगा हैं कि इस बार कौन चुनाव में जीत हासिल करेगा। वहीं प्रत्याशी भी ग्रामीण मतदाताओं को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।