रियासी। चिनाब के किनारे स्थित चंकाह क्षेत्र को सैलानियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यह कदम चिनाब में हादसों को रोकने और पर्यटकों की बढ़ रही संख्या को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। रविवार को सैलानियों को डैमटाप और डबरी पुल के आगे जाने नहीं दिया गया। हालांकि चंकाह, थनपाल, अरनास, माहौर और दरमाड़ी जाने वाले वाहनों के चालकों के पहचान पत्र देख कर ही अनुमति दी गई।
गौरतलब है कि पिछले कुुछ दिनों से दरिया चिनाब के किनारे चंकाह क्षेत्र में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही थी। बीते सप्ताह दरिया में डूब कर एक शिक्षक की मौत हो गई थी। चंकाह में दिन प्रतिदिन बढ़ती पर्यटकों की संख्या को देख कर एनएचपीसी ने दरिया किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र होने का बोर्ड लगा दिया। साथ ही सैलानियों को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को लिखा है। इसके बाद रविवार को कार्रवाई कर सैलानियों के वाहनाें को आगे जाने नहीं दिया गया। इसके बाद सैलानियों ने ध्यानगढ़, गुज्जर कोठी और बारादरी इलाके का रुख किया जहां बैठ कर ठंडी हवाओं का आनंद उठाया है।