माड़ी क्षेत्र से मता जाने के लिए वाहनों में ओवरलोडिंग का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। तहसील मुख्यालय के साथ लगते माड़ी क्षेत्र से मता जाने जाने वाला मार्ग सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने से पहले ही इस मार्ग पर बिना अनुमति के ओवरलोड वाहनों का संचालन किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि मार्ग बनाने के लिए पहाड़ी की कटाई भी अभी पूरी नहीं हुई लेकिन कमाई के लालच में कई ऑटो चालक, ईको वाहन और इलेक्ट्रिक रिक्शा चालक अपनी और यात्रियों की जान जोखिम में डाल कर अनमोल जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं।
वाहनों में ओवरलोडिंग का भी आरोप है। गाड़ियों के छत के ऊपर सामान के साथ सवारियां भी बिठाई जा रहीं हैं। इसे रोकने के लिए दो महीने पहले पुलिस ने वाहन चालकों का चालान किया था। एआरटीओ ने भी कुछ ऑटो को प्रतिबंधित किया था। इसके बावजूद मंगलवार को पौनी पुलिस के एसएचओ सोहन सिंह बंदराल को सूचना मिली कि कुछ ऑटो फिर से इसी मार्ग पर अवैध रूप से चल रहे हैं। इसलिए पुलिस ने एक ऑटो को कब्जे में ले लिया।