पुंछ में पुलिस एस्कार्ट में लगे वाहन के पलटने से एक सिपाही की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया है। इसमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरा हादसा चिनैनी-नाशरी सुरंग में हुआ। यहां दो वाहनों की भिड़ंत में एक की मौत हो गई।
पुलिस का एस्कार्ट वाहन पलटने से एक सिपाही मौत जबकि पांच घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को एसएसपी पुंछ पीर की गली से सुरनकोर्ट की तरफ जा रहे थे। इस बीच एसएसपी के एस्कार्ट में लगा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
विज्ञापन
इसमें सिपाही शोएब अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा चालक शाम लाल, इस्तेकर अहमद, परवेज अहमद भट्टी, शमीम अहमद, गुलाम मुस्तफा को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है। इसमें से तीन लोगों को राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू भेजा गया है।
चिनैनी-नाशरी सुरंग में भिड़े दो वाहन, एक की मौत, सात घायल
उधमपुर के बटोत पुलिस स्टेशन के तहत चिनैनी-नाशरी सुरंग के बीच दो वाहनों की टक्कर में एक यात्री की मौत हो गई, वहीं सात लोग घायल हो गए। मंगलवार शाम को चिनैनी-नाशरी सुरंग के बीच जैसे ही दो वाहनों के बीच टक्कर हुई, मौके पर चीख पुकार शुरू हो गई। इसके बाद तुरंत सुरंग का बचाव दल मौके पर पहुंचा और दोनों वाहनों में सवार यात्रियों को एंबुलेंस से चिनैनी सीएचसी अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
हादसे में मृतक व्यक्ति की नहीं हो पाई पहचान
डाक्टरों की पहले से ही तैनात टीमों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। स्कॉर्पियो में सवार कुछ घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे में मृतक व्यक्ति की पहचान भी नहीं हो पाई है। जबकि, कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए वे भी अपना नाम और पता नहीं बता पाए हैं।
वहीं, टाटा 407 लोड कैरियर में सवार घायलों की पहचान संतोष (18) निवासी संगलदान और सुनील सिंह (29) निवासी डिगडोल के रूप में हुई है। इनका उपचार चिनैनी में जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।