यह दुर्घटना उधमपुर-चेनानी मार्ग पर टोल्डी नाला के पास हुई। श्रद्धालुओं को पहलगाम आधार शिविर ले जा रही गाड़ी सड़क से फिसलकर पलट गई।
हादसे में घायल सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बैकुंठपुर निवासी हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ, सेना, सिविल डिफेंस, ट्रैफिक पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) उधमपुर पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है, जबकि अन्य पांच श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है और उनका इलाज जीएमसी उधमपुर में चल रहा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
वहीं, पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल श्रद्धालुओं का हाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों से बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली।