उधमपुर पेट्रोल बम कांड के विरोध में कश्मीर इकनॉमिक एलायंस ने सोमवार को कश्मीर बंद का आह्वान किया है। शौकत एम चौधरी की अध्यक्षता में एलायंस की हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
साथ ही कश्मीरी लोगों, खासकर जम्मू से श्रीनगर यात्रा करने वाले ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सरकार से मांग की गई। व्यापारिक संगठनों के साथ साथ अलगाववादी संगठनों ने इस घटना के लिए भाजपा व आरएसएस को जिम्मेदार ठहराते हुए सोमवार को कश्मीर बंद का ऐलान किया है।
कश्मीर के व्यापारिक संगठनों ने रविवार को प्रेस एन्क्लेव में ऊधमपुर घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा-आरएसएस विरोधी नारेबाजी भी की। गौरतलब है कि तीन दिन पहले उधमपुर में गो हत्या के मामले पर तनाव पैदा हो गया था।
सैयद अली शाह गिलानी और उदारवादी हुर्रियत कांफ्रेंस के चेयरमैन मीरवाईज मौलवी उमर फारूक के अलावा जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के चेयरमैन मोहम्मद यासीन मलिक ने भी इस बंद का समर्थन किया है।