मौसम खराब होने के कारण माता वैष्णो देवी यात्रा शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह छह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। इस दौरान भक्तों को दर्शनी ड्योढ़ी(प्रवेश द्वार) से भवन की तरफ जाने नहीं दिया गया। रविवार को मौसम साफ होने के बाद यात्रा सुचारू कर दी गई है।
भक्तों को पंजीकरण करवाने के बाद भवन की तरफ लगातार रवाना किया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को दिन भर हेलिकॉप्टर और रोपवे सेवा प्रभावित रहने के साथ हिमकोटि मार्ग पर बैटरी कार सेवा भी पूरी तरह बंद रही। भक्त पुराने मार्ग से आवाजाही कर रहे थे
शुक्रवार रात को भी कटड़ा से भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। शनिवार सुबह यात्रा शुरू हुई और श्रद्धालु माता के पारंपरिक मार्ग से आवाजाही करते रहे। भक्तों को सुबह 10 बजे के बाद भारी बारिश होने के कारण बाणगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाणगंगा से ताराकोट मार्ग के रास्ते अर्दकुवारी तक जाने के लिए कहा गया।
इस बीच कटड़ा से सांझीछत के लिए हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। साथ ही रोपवे सेवा का लाभ भी भक्त नहीं ले पाए। उधर, हिमकोटि मार्ग शुक्रवार शाम चार बजे से बंद है। बारिश के कारण मार्ग पर पत्थर गिरने से यात्रियों को यहां से गुजरने की अनुमति नहीं मिल रही है।
इस कारण यात्रियों को बैटरी कार सेवा का भी लाभ नहीं मिल सका। मौसम खराब होने के चलते शनिवार को भी रात 10 बजे कटड़ा से भवन की ओर यात्रा बंद कर दी गई थी। जिसे रविवार सुबह सुचारू कर दिया गया।