कोरोना के कारण पांच महीने से बंद माता वैष्णो देवी का मंदिर आज से खुल जाएगा। वैष्णो देवी यात्रा आज से शुरू हो रही है और इस बार एक दिन में केवल 2 हजार लोग की दर्शन कर पाएंगे। मंदिर खुलने से श्रद्धालु प्रसन्न हैं।
माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीकरण ऑनलाइन करवाना होगा। दूसरे प्रदेशों और जम्मू-कश्मीर के रेड जोन जिलों के लोगों को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट भी अपनी साथ रखनी होगी। इसकी जांच भवन को जाने के दौरान हेलीपैड, ड्योढ़ी गेट, बाणगंगा, कटरा में की जाएगी।
तीर्थयात्रियों के लिए मास्क, फेस कवर पहनना अनिवार्य होगा और सभी की स्कैनिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा को आसान बनाने के लिए बैटरी वाहन, यात्री रोपवे और हेलिकॉप्टर सेवाओं को सामाजिक दूरी का पालन करके चलाया जाएगा।
भीड़ से बचने के लिए अटका आरती और विशेष पूजा में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भक्तों की सुविधा के लिए क्लॉक रूम खोला जाएगा जबकि कंबल स्टोर बंद रहेंगे।