डिविजनल कमिश्नर ने नोटिस जारी कर लोगों से कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी तरह का तथ्य, बयान या साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है वह उसे पांच जनवरी से पहले साझा कर सकता है।
वैष्णो देवी हादसे के कारणों की जांच के लिए सरकार द्वारा गठित कमेटी के सदस्य एवं मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने लोगों से हादसे से संबंधित इलेक्ट्रानिक प्रमाण, बयान और तथ्य साझा करने की अपील की है।मंडलायुक्त ने लोगों से पांच जनवरी तक लैंड लाइन नंबर, व्हाट्सएप नंबर या ईमेल आईडी पर जानकारी साझा करने को कहा है।
विज्ञापन
इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति जांच कमेटी के समक्ष अपना बयान दर्ज करवाना चाहता है तो वह पांच जनवरी तक मंडलायुक्त कार्यालय जम्मू में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आ सकता है। बता दें, श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा के पास भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत व 16 श्रद्धालु घायल हो गए थे।
इस हादसे के कारणों की जांच के लिए सरकार ने गृह विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर कमेटी को सप्ताह भर में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। कमेटी के अन्य सदस्यो में मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जम्मू मुकेश सिंह शामिल हैं।