सर्च ऑपरेशन में तैनात सेना का जवान
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई फायरिंग में एक गैर रियासती मजदूर की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया।
हाजिडारपोरा इलाके में बुधवार को सेना की 55 राष्ट्रीय रायफल्स द्वारा सेंसस के कार्यों को अंजाम दिया जा रहा था। इस बीच सुबह करीब पौने दस बजे आतंकियों ने सेना की एक पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इसका जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। पुलवामा के एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि क्रास फायरिंग में मारे गए मजदूर की शिनाख्त सुरेश कुमार (17) के तौर पर हुई है।
वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का रहने वाला था। मृतक एक ईंट भट्टे में काम करता था। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। हमलावरों को तलाशने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया।