श्रीनगर की एक स्थानीय अदालत ने एसएसपी श्रीनगर को पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और रिटायर्ड एसएसपी आशिक बुखारी पर लगाए गए आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं। अदालत द्वारा इस मामले में एसएसपी को विस्तार से अपनी रिपोर्ट फाइल करने को कहा गया है।
कट्टरपंथी हुर्रियत नेता और हुर्रियत (ग) के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी ने मंगलवार को चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट श्रीनगर के सामने एक याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने घाटी में वर्ष 2010 में हुई मौतों का जिम्मेदार उमर अब्दुल्ला और आशिक बुखारी को ठहराते हुए उनके खिलाफ एफआईआर की मांग की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2010 में घाटी में पैदा हुए विवाद के दौरान सौ से अधिक लोगों की सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दौरान मौत हुई थी, जबकि सैकड़ों घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार, हुर्रियत नेता ने अपने वकील मोहम्मद शफी रेशी के माध्यम से सीजेएम श्रीनगर वीएस बोहु के सामने अर्जी पेश की।
वकील मोहम्मद शफी रेशी ने बताया कि सीजेएम श्रीनगर ने एसएसपी श्रीनगर को विस्तार से मामले में रिपोर्ट फाइल करने के निर्देश दिए हैं। रेशी ने यह भी बताया कि रिपोर्ट फाइल करने की आखिरी तारीख अदालत ने छह अप्रैल तय की है।