नगर निगम के पूर्व कमिश्नर किरण वात्तल ने मंगलवार को अपनी सरकारी सेवाओं से इस्तीफा दे दिया। वात्तल ने इस्तीफा देने का कारण व्यक्तिगत बताया है और कहा कि अब वह लोगों के बीच रहकर समाज सेवा करना चाहते हैं। उनकी नौकरी में दो साल बाकी थे। किरण वात्तल ने बताया कि 1985 में उन्होंने एक अफसर के तौर पर नगर निगम में ज्वाइन किया था।
इस दौरान उन्होंने चार-पांच कमिश्नरों के साथ काम किया और 6 सितंबर, 2013 को उन्हें जम्मू के नगर निगम कमिश्नर बनने का अवसर मिला। 17 मार्च, 2015 को उन्होंने इस्तीफा दे दिया। किरण वात्तल दो दिन से किसी पद पर नहीं थे, क्योंकि दो दिन पहले ही उन्हें कमिश्नर पद से हटाकर सौजन्य शर्मा को नगर निगम का कमिश्नर बनाया जा चुका था।
मंगलवार को नगर निगम, टाउन हाल के कांफ्रेंस हाल में किरण वात्तल को सभी स्टाफ सदस्यों, अफसरों तथा नवनियुक्त कमिश्नर सौजन्य शर्मा ने विदाई पार्टी दी। वात्तल ने कहा कि सरकारी सेवाओं से मुक्त होकर आज से वह समाज सेवा करेंगे। इस्तीफा देने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इसी माह में उन्हें रिटायर होना था, लेकिन रिटायरमेंट आयु बढ़ने से उनके दो साल बाकी थे।
इस्तीफा देना अच्छा संकेत नहीं: राकेश शर्मा
चैंबर आफ कामर्स के प्रधान राकेश शर्मा ने कहा कि पूर्व निगम कमिश्नर किरण वात्तल की ओर से इस्तीफा दे देना चिंता का विषय है, क्योंकि ऐसे अफसरों की लोगों को जरूरत है। यह अच्छे संकेत नहीं है।