उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर से आतंकियों ने बुधवार को एक दुकानदार को अगवा कर लिया। सोपोर के यूनिसा इलाके में तौसीफ अहमद गनई (30) की दुकान में कुछ नकाबपोश आतंकी दाखिल हुए और उसे अपने साथ अगवा करके ले गए। इस घटना की पुष्टि करते हुए एसएसपी सोपोर जावेद इकबाल ने कहा कि अगवा किए गए शख्स को तलाशने के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
तौसीफ ने हाल ही में एक वीडियो भी हिज्ब कमांडर रियाज नायकू के नाम जारी किया था। वीडियो में उसने नायकू से कहा था कि जिस तरीके से आप लोग एसपीओ को नौकरी छोड़ने को कह रहे हो वह गलत है, नाइंसाफी है। क्योंकि कई एसपीओ गरीब हैं जिनके लिए 6000 रुपये में जिंदगी गुजर बसर करने का यह जरिया है।
जिस तरह से तीन पुलिस कर्मियों को अगवा कर मारा गया था वह गैर इस्लामी रास्ता है जिसके लिए खुदा आपको माफ नहीं करेगा। वीडियो में यह भी कहा था कि मैं अल्लाह के अलावा किसी से नहीं डरता हूं इसलिए मैंने यह संदेश दिया है ऐसा मत करो। यह लोग नौकरी कर अपनी कमाई करते हैं, जो मुखबिर हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करो।