जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में लावारिस पशुओं पर नगर परिषद की लापरवाही जानलेवा साबित होने लगी है। वीरवार को एक लावारिस गाय ने बेकाबू होकर जमकर उत्पात मचाया। दो महिलाओं पर बुरी तरह से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने बेकाबू गाय पर काबू पाया।
वीरवार सुबह अचानक एक गाय ने धार रोड किनारे चल रही महिला पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, गाय महिला पर तब तक सींग मारती रही, जब तक शांत नहीं हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हालांकि महिला को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गाय इतना आक्रामक हो चुकी थी कि बचाने वालों पर भी हमला करने लगती।
बाद में जैसे-तैसे महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस महिला की पहचान नहीं हो पाई। बताया जाता है कि दूसरे राज्य की रहने वाली यह महिला आसपास इलाके में भीख मांग कर गुजारा करती थी।
हादसे के बाद भी नहीं पहुंचा नगर परिषद् का कोई अधिकारी
बेकाबू हुई गाय ने ली महिलाओं की जान
- फोटो : Demp Pic.
गुस्साई गाय का कहर यहीं नहीं थमा। धार रोड के बाद गाय आदर्श कालोनी पहुंच गई। वहां पर भी एक बुजुर्ग महिला पर गाय ने बुरी तरह से हमला कर दिया। लोगों की भीड़ को अपनी ओर आते देखकर गाय इधर-उधर भागने लगी। घायल महिला को जल्दी से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका। मृतक वृद्ध महिला नीलम आदर्श कालोनी की रहने वाली थी।
इसके बाद आदर्श कालोनी से लेकर कब्रिस्तान रोड, नेशनल हाईवे, दोमेल चौक, सुभाष स्टेडियम तक लोगों ने गाय को काबू करने की कई बार कोशिश की, लेकिन कोई प्रयास सफल नहीं हो पाया। लोगों की भीड़ और दोपहिया वाहनों को अपनी ओर बढ़ता देखकर गाय और बेकाबू हो गई। वह एक गली में घुस गई, लेकिन आगे रास्ता बंद था।
तब लोगों ने उसे घेर लिया और उसके गले में रस्सी बांधकर मुश्किल से काबू में किया। उसके बाद पशु चिकित्सा विभाग के एक कर्मी ने गाय को इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। इतने बड़े हादसे के बावजूद बार-बार बुलाने पर भी नगर परिषद का कोई मुलाजिम मौके पर नहीं पहुंचा।