पिछले तीन लोकसभा चुनाव की बात करें तो धार रोड से सटे बसोहली, बिलावर और उधमपुर के इलाके लगातार भाजपा का गढ़ बनते जा रहे हैं। इस बार के चुनाव में भी इन इलाकों ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की इस सीट पर हैट्रिक में अहम भूमिका निभाई है। खास तौर से बसोहली, बिलावर, बनी, रामनगर एससी, चिनैनी, उधमपुर ईस्ट और उधमपुर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने भाजपा को 1.37 लाख वोट से लीड दिलाई है।
बनिहाल और डोडा से कांग्रेस को हुई वोटों की बरसात
डोडा,उधमपुर, कठुआ लोकसभा क्षेत्र के दो विधानसभा हलके ऐसे थे जहां कांग्रेस की लीड का भाजपा दूर-दूर तक मुकाबला नहीं कर पा रही थी। बनिहाल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को 48306 वोट तो भाजपा को 10486 वोट मिले। डोडा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को 37715 तो भाजपा को 18229 वोट मिले। चिनाब वैली से मैदान में उतरे डीडीसी सदस्य मेहराज दीन और डीपीएपी प्रत्याशी सरूरी की मौजूदगी के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी को इन इलाकों में भारी मत मिले।