उधमपुर लोकसभा क्षेत्र के चार जिलों में हुए काम, जम्मू में सिर्फ एक में : उधमपुर लोकसभा क्षेत्र में उधमपुर, कठुआ, डोडा और रामबन जिले शामिल हैं। पूरे हुए 111 विकास कार्यों में से नौ डोडा, 82 कठुआ, 19 उधमपुर और एक कार्य रामबन जिले में कराए गए हैं। इनमें सड़क, नाली, हैंडपंप, सार्वजनिक शौचालय , सामुदायिक भवन और सुरक्षा दीवार निर्माण जैसे काम शामिल हैं।
जम्मू लोकसभा क्षेत्र में जम्मू, सांबा, रियासी और राजोरी का कुछ हिस्सा आता है। यहां पूरे हुए तीन कार्यों में खेल सामग्री का वितरण, एक यात्री शेड का नवीनीकरण और एक व्यक्ति को चिकित्सा उपकरण से जुड़ी सहायता देना शामिल है। ये सभी काम जम्मू में पूरे हुए हैं। रियासी, सांबा और राजाेरी में एक भी काम पूरा नहीं हुआ है। एमपीलैड के दिशा-निर्देशों के तहत सांसद का काम सिर्फ विकास कार्यों की सिफारिश करना है। उन्हें पूरा कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होती है।
जल्द पूरे कराए जाएंगे कार्य
समय पर कार्य पूरे न हो पाने के पीछे कई कारण होते हैं। कहीं तकनीकी समस्या होती है तो कहीं कार्यदायी एजेंसियों की लापरवाही होती है। कार्य समय पर पूरे हों इसके लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। - अजय पाल सिंह, चीफ प्लानिंग ऑफिसर, जम्मू