बस स्टैंड में फंसे यात्रियों की संख्या दो हजारके करीब पहुंच गई है। छोटे बच्चों सहित बस स्टैंड में ठहरे लोगों को खासी परेशानियां से गुजरना पड़ रहा है। अधिकतर मुसाफिर टीवी चैनलों पर नजर टिकाए हैं कि आखिर कब जाकर रास्ता साफ हो और वे अपने घरों को लौट सकें।
गौरतलब है कि तीन दिनों से खराब रहे मौसम के कारण बस स्टैंड में तीसरी बार यात्री फंसकर रह गए हैं। इससे पहले दो बार फंसे मुसाफिर सड़क पर आकर प्रदर्शन आदि भी कर चुके हैं। जनरल बस स्टैंड के अंदर, बाहर, प्लेटफार्म, शेड सभी जगह पर यात्रियों से भरी है।
भारी-भरकम सामान के साथ लोग बस स्टैंड में यातायात शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक रास्ता साफ होने की संभावनाएं नहीं होने के कारण उनके चेहरे पर निराशा है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गरीब तबके के लोग आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपना ही चूल्हा चौका साथ लेकर आए हैं। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड में ही चूल्हा जलाया और खाना पकाया।
बस स्टैंड पुलिस के मुताबिक यात्रियों की संख्या दो हजार के करीब पहुंच गई है। भीड़ के दौरान कोई मुसाफिरों के सामान पर हाथ न साफ करे, इसके लिए सभी मुलाजिमों को सक्रिय रहने के लिए कहा है।