रियासी। पुलिस ने डेरा बाबा क्षेत्र में देसी शराब बनाने वाले अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए काफी मात्रा में सामान बरामद किया है। दबिश के दौराना आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर हमला भी किया है, जिसके बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही दो हजार लीटर लाहन नष्ट करने के साथ ही 15 लीटर देसी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार डेरा बाबा में दरिया चिनाब के दूसरे किनारे पर जंगल में देसी शराब बनाने का काम चल रहा था। सूचना के बाद एसएसपी शैलेंद्र सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने रॉफ्टिंग नाव से दरिया पार कर जंगल में स्थित ठिकाने पर दबिश दी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने देसी शराब बनाने और बेचने वाले चरण सिंह, गुलविंदर सिंह, सुरजीत सिंह और त्रिलोक चंद को गिरफ्तार किया है।
मौके से दो हजार लीटर लाहन बरामद की, जिसे नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 15 लीटर देसी शराब सहित ड्रम, प्लास्टिक के केन व टब आदि सामान बरामद किया है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने दो ठिकाने बना रखे थे, जहां पर भारी मात्रा में देशी शराब तैयार कर बेची जाती थी। कोरोना कर्फ्यू में एक लीटर बोतल के आठ सौ से हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।