जवाहर टनल के पास से गत दिनों पकड़े गए दो आतंकियों को सोमवार को कुलगाम ले जाया गया। सांबा में क्राइम सीन दोहराने के बाद कुलगाम ले जाते आतंकियों को उन दुकानों के पास रोक कर छानबीन की गई, जहां ये दोनों कुछ देर के लिए रुके थे। जवाहर टनल के पास आतंकियों से हथियार बरामद हुए थे, जिसके बाद इन्हें कुलगाम से सांबा सिडको पुलिस पोस्ट पर रखा गया।
दोनों आतंकी बार-बार ड्रोन से हथियार आने के बारे में कह रहे हैं। बैनगलाड गांव में सुरंग का जायजा लेने पहुंचे पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने भी हथियारों को ड्रोन से गिराए जाने की पुष्टि की थी। सोमवार को दोनों आतंकियों को कुलगाम पुलिस कश्मीर ले गई। सूत्रों के अनुसार रास्ते में जहां से भी उन्होंने कोई वस्तु खरीदी थी, उस दुकान पर भी पुलिस की टीम पहुंची। पूरी जानकारी एकत्रित कर कश्मीर टीम सांबा से कुलगाम के लिए रवाना हो गई। जिला सांबा की भारत-पाकिस्तान सीमा पर भी दो बार ड्रोन की हलचल देखी गई थी। दो माह पूर्व रामगढ़ सेक्टर में ड्रोन को सीमा के पास मंडराते देखा गया था। बाद में सुरक्षा बलों की चौकसी पर ड्रोन पाकिस्तान की ओर लौट गया।
वहीं जिले के चक सद्दा के निकट बंई नाले में भी पाकिस्तान की ओर से सीमा पार से ड्रोन को भेजा गया था। सतर्क सुरक्षा बलों ने गोलियां दागीं, जिससे ड्रोन फिर लौट गया। इससे पहले कठुआ में ड्रोन द्वारा हथियार गिराने का मामला भी सामने आ चुका है। यही कारण है कि अब क्षेत्र में काम कर रही सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी हथियारों की बरामदगी सिर दर्द बन चुकी है।