जिले में रविवार तड़के पुलिस और एसओजी ने मंडी तहसील में दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो एके-47 राइफलें भी बरामद की हैं। हालांकि देर रात तक पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
सूत्रों के अनुसार रविवार तड़के पुलिस और एसओजी ने मंडी तहसील मुख्यालय पर एक स्थान पर छापा मारकर तारिक शेख और रियाज अहमद नामक दो युवकों को दबोचा। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने तारिक के गांव जालियां स्थित किराये के कमरे से दो एके 47 राइफलें भी बरामद कीं। सूत्रों के अनुसार तारिक काफी समय से सेना के लिए पोर्टर के रूप में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों आतंकियों का किस संगठन से संबंध है और उनके साथ और कौन-कौन जुड़े हैं।