कठुआ शहर से स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मामलों के रिपोर्ट होने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इनमें से एक मामला शहर के वार्ड ग्यारह से है, जबकि दूसरा मामला वार्ड पंद्रह से रिपोर्ट हुआ है।
हालांकि प्रयोगशाला जांच से पूर्व मामलों को पक्के तौर पर स्वाइन फ्लू से पीड़ित नहीं कहा जा सकता है। दोनों ही मरीजों ने स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने जैसे लक्षण बताए हैं।
यह देखते हुए एक मरीज को शुक्रवार रात, जबकि दूसरे को शनिवार जम्मू रेफर कर दिया गया। दोनों ही मामलों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
इस बाबत पूछे जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सांगड़ा ने बताया कि दो दिन में कठुआ शहर से स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। दोनों ही मरीज कठुआ शहर के आवासीय इलाकों से हैं।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचे मरीजों ने स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण बताए हैं। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखने के कुछ समय के बाद ही इन्हें एक एक कर जम्मू रेफर कर दिया गया है।
सीएमओ कठुुआ ने बताया कि अभी तक कठुआ जिला से केवल दो ही संदिग्ध मामले सामने आए हैं जिनकी प्रयोगशाला में जांच के बाद ही बीमारी की पुष्टि के बारे में कुछ कहा जा सकता है।
बहरहाल स्वास्थ्य विभाग के तमाम अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में संदिग्ध मामलों पर नजर रखने को कहा गया है।