जम्मू यूनिवर्सिटी में फाउंटेन के पास सोमवार को दो गुटों में भिड़त हो गईं। इसमें एक गुट ने दूसरे पर हमला बोल दिया, जिसमें तीन युवक जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। नेहरू मार्केट पुलिस मामले की जांच कर रही है। भिड़ंत का कारण रैगिंग का पुराना विवाद बताया जा रहा है।
हमले में न्यू प्लाट निवासी कन्नव शर्मा का कंधा टूट गया। अर्नव शर्मा और रूप नगर के रहने वाला इशान चंद्रन के सिर पर हूरे से हमला किया गया है। इनके सिर पर टांके लगे हैं। तीनों जीएमसी में भर्ती हैं। घायल कन्नव ने बताया कि 27 अप्रैल 2018 को जम्मू यूनिवर्सिटी में कानून विभाग के अभिनंदन ने अपने ही विभाग के जूनियर छात्र की रैगिंग की।
इसके बाद यह मामला यूनिवर्सिटी प्रशासन के संज्ञान में आया। मामला एंटी रैंगिंग सेल भी पहुंचा, लेकिन जांच सही तरह से नहीं हुई। वह बतौर कानूनी सलाहकार और एबीवीपी के अध्यक्ष होने के नाते जूनियर छात्र के संपर्क में आए और उसे कानूनी सलाह दी। जो अभिनंदन को रास नहीं आई।