नकली ब्लू नीलम के नाम पर तीन करोड़ की धोखाधड़ी, जालसाजी में चार्जशीट दायर
जम्मू पुलिस ने एक हाई प्रोफाइल धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। इसमें पुलिस का एक सेवारत सब-इंस्पेक्टर भी शामिल है। आरोपियों पर नकली कश्मीर ब्लू नीलम बेचने के बहाने हैदराबाद के एक व्यापारी से 3 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है।
आरोपियों में मोहम्मद रियाज निवासी गुरदानबाला राजौरी, वर्तमान पता चिनोर जम्मू, मोहम्मद ताज खान निवासी पोथा सुरनकोट पुंछ वर्तमान पता ईस्ट एक्सटेंशन त्रिकुटा नगर, शौकत हुसैन निवासी गुरदानबाला राजोरी, मोहम्मद शफी निवासी गाथा भद्रवाह, वर्तमान पता बठिंडी जम्मू, कुलविंदर सिंह निवासी कौलपुर विजयपुर वर्तमान पता मॉडल टाउन गंग्याल जबकि एसआई मोहम्मद मकबूल निवासी श्रीनगर्र वर्तमान पता अपर थथेर बनतालाब में रह रहे हैं।
पहले जम्मू पुलिस ने शिकायतकर्ता मीर फिरासत अली खान से 62 लाख रुपये बरामद कर उन्हें वापस लौटा दिए हैं जो इस धोखाधड़ी और जालसाजी का शिकार हुए थे। जांच में एक बड़ी आपराधिक साजिश का खुलासा हुआ। आरोपी मोहम्मद ताज खान जम्मू का नामी व्यक्ति के रूप में पेश हुआ। अन्य आरोपी उसके एजेंट के रूप में दुर्लभ कश्मीर ब्लू नीलम बेचने वाले के तौर पर काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों मोहम्मद ताज खान, मोहम्मद शफी और मोहम्मद मकबूल के घरों की तलाशी के दौरान उनके पास से कई नकली रत्न और अन्य जाली सामान जब्त किए।
जांच एसडीपीओ सिटी वेस्ट जम्मू डॉ. सतीश भारद्वाज को एसपी दक्षिण अजय शर्मा जेकेपीएस की देखरेख में जांच सौंपी गई थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी द्वारा अपराध की कमाई से हासिल की गई संपत्ति की पहचान की और उसे साबित भी किया। पुलिस ने आरोपी द्वारा धोखे से मिले पैसों से खरीदी गई संपत्ति को अटैच करने के लिए रेलवे कोर्ट जम्मू में एक एप्लीकेशन भी दायर की है।