जम्मू में गैर प्रमाणित सैन्य वस्तुओं को बेचने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। सेना के खुफिया दस्ते और पुलिस की मदद से बाड़ी ब्राह्मणा और नरवाल इलाके से दो लोगों को सेना की बुलेट प्रूफ जैकेट, बुलेट प्रूफ पटके और इंसास राइफलों की मैगजीन के साथ दबोचा है।
इनमें से एक पूर्व सैनिक है। मामले में पंजाब के एक कबाड़ी का नाम भी सामने आ रहा है। उसे पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया हुआ है। बहरहाल, त्रिकुटा नगर और बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस थानों में अलग अलग मामले दर्ज किया गया है। सेना को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सेना का सामान गैर कानूनी तरीके से बेच रहे हैं।
इस सूचना पर बुधवार को सेना की 9 कार्प इंटेलिजेंस के मेजर सुरेश बाबू, सेना की सर्विलेंस यूनिट, नरवाल पुलिस चौकी के एसआई नियात अली और बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने संयुक्त आपरेशन चलाया।