जम्मू के ज्यौड़ियां में खौड़ थाने के अंतर्गत कलीठ फील्ड फायरिंग रेंज पर पलांवाला के चपरेयाल क्षेत्र में शनिवार को दोपहर अभ्यास के दौरान विस्फोट में मारे गए दोनों जवान उत्तराखंड के थे। फिलहाल दोनों जवानों के शव सैन्य अस्पताल अखनूर में रखवा दिए गए हैं। सोमवार को श्रद्धांजलि देकर पैतृक गांव भेजे जाएंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश निवासी घायल जवान नायक संदीप कुमार सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
शहीद दोनों जवान उत्तराखंड निवासी थे। उनकी पहचान सुरजीत सिंह निवासी सियून, चमोली उत्तराखंड व सूरज सिंह बखानी निवासी पालड़ी, तोली-अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। सेना और पुलिस ने रविवार को सभी औपचारिकताएं पूरी की।
ज्ञात हो कि तीन दिन से सेना की तीन यूनिटें-10 गढ़वाल, 08 कुमाऊं तथा 08 राज राइफल कलीठ फील्ड फायरिंग रेंज पर चपरेयाल क्षेत्र में आरएल (राकेट लांचर) फायर का अभ्यास कर रही थीं। शनिवार की दोपहर लगभग तीन बजे अभ्यास के दौरान एक गोला जवान के हाथ में ही फट गया, जिससे उसके पास खडे़ अन्य दो जवान भी चपेट में आ गए।