अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। हैदराबाद के हीरा कारोबारी को कश्मीरी नीलम के नाम पर ढाई करोड़ रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। जम्मू जिले की पुलिस ने इनमें एक के घर से 62 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। बाकी का पैसा इनकी संपत्ति को जब्त कर वसूला जाएगा।
मामला दिसंबर वर्ष 2024 का है। इस संबंध में त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ था। केस के अनुसार कश्मीरी नीलम देने के लिए कारोबारी से 25 करोड़ रुपये मांगे गए थे।
इसमें से 2.50 करोड़ की नकदी दे दी गई, लेकिन बदले में नकली नीलम दे दिया। केस दर्ज होने के बाद मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई और इसकी कमान बख्शी नगर के डीएसपी सतीश कुमार को दी गई।
कारोबारी मीर फिरासथ अली खान ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि अपने कुछ जानकारों के जरिए वह दोनों आरोपियों के संपर्क में आया। आरोपियों में मूल रूप से राजोरी और इस समय चिन्नौर में रहने वाला मोहम्मद रियाज और मूल रूप से पुंछ के सुरनकोट और मौजूदा समय जम्मू के त्रिकुटा नगर में रहने वाला मोहम्मद ताज शामिल हैं।
जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपियों से नकली नीलम वाले हार बरामद किए गए हैं।
मोहम्मद रियाज के चिन्नौर स्थित घर से 62 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। उसकी एक करोड़ रुपये की संपत्ति भी चिह्नित की गई है। उसने यह संपत्ति ठगी के पैसे से बनाई है। अधिकारी ने कहा कि संबंधित अदालत में भी इसे लेकर जानकारी दी गई है। इस संपत्ति को कुर्क करने की अनुमति ली जा रही है।