जम्मू-कश्मीर कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में एलओसी के पास दो स्थानों पर हुए बारूदी सुरंग विस्फोट में कठुआ निवासी जवान शहीद हो गया। एक अन्य जवान घायल है। उसका सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शनिवार को केरन सेक्टर में एलओसी पर स्थित बलबीर पोस्ट के करीब बारूदी सुरंग फटने से तीन जैक का राइफ लमैन निहाल गुरुंग गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती चिकित्सा देने के बाद श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया। निहाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सेना ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी है। निहाल कठुआ का रहने वाला था।
इससे पहले शुक्रवार देर शाम केरन सेक्टर की एलओसी के करीब स्थित गूगल डारा इलाके में सुरंग फटा। यहां सेना की 5/9 जीआर की एक पार्टी रूटीन पेट्रोल कर रही थी। इसी दौरान बारूदी सुरंग फटने से जवान अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तुरंत जिले के द्रगमुला स्थित 168 सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है।