जानकारी के मुताबिक, पुलिस पार्टी ने हरि सिंह घराट-झिरी रोड पर सुबह करीब पांच बजे विशेष नाका लगाया था। पुलिस ने ट्रक नंबर JK02AW/1729 को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया और ट्रक को रिंग रोड की ओर रोक लिया। इसके बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
ट्रक को रोकने के दौरान पुलिस की ओर से सात से आठ राउंड फायरिंग किए जाने की सूचना है। फायरिंग में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 25 भैंसें बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक और बरामद पशुओं को पुलिस थाना कनाचक पहुंचा दिया है, जहां उन्हें पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया जारी है। कनाचक सेक्टर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।