उधमपुर के रैंबल थाना क्षेत्र के चोपड़ा शाप में विक्रम पुल के नजदीक शनिवार सुबह संदिग्ध हालत में क्राइम ब्रांच जम्मू में तैनात सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल का शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कुछ का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से जवान की मौत हुई है, तो कुछ हार्ट अटैक भी वजह बता रहे। हालांकि स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
जानकारी अनुसार सुबह करीब छह बजे राजमार्ग पर गश्त करने वाले सेना के जवानों को कांस्टेबल संजय कुमार (39) निवासी औसू वर्तमान चोपड़ा शाप का शव संदिग्ध हालत में राजमार्ग के किनारे पर पड़ा मिला। सेना ने इसकी सूचना रैंबल पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सुबह करीब नौ बजे पोस्टमार्टम के लिए डाक्टरों की टीम गठित की गई। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला है कि जवान के शरीर के अंदर कुछ हड्डियां टूटी हुई हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि जवान को किसी वाहन ने टक्कर मारी हो और टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई होगी।
कुछ पुलिस कर्मियों का यह भी कहना था कि जवान को दिल का दौरा पड़ा होगा और अचानक गिरने पर गंभीर चोटें लगी हो। अस्पताल में पहुंचे मृतक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे संजय कुमार सैर करने के लिए घर से निकला और फिर उनको सूचना मिली की संदिग्ध हालत में विक्रम पुल के नजदीक मृत पाया गया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।