जम्मू और श्रीनगर में मेट्रोपोलिटन शहरों की तर्ज पर परिवहन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यूएमटीए समन्वित व अत्याधुनिक, मल्टी मॉडल मोबिलिटी सिस्टम का विकास करेगी।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की दोनों राजधानियों जम्मू और श्रीनगर में परिवहन सुविधाएं मेट्रोपोलिटन शहरों की तर्ज पर विकसित की जाएंगी। इसके लिए दोनों शहरों में परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए यूनिफाइड मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (यूएमटीए) का गठन किया जाएगा। उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में हुई प्रशासनिक परिषद की बैठक में यह फैसला किया गया।
विज्ञापन
यह फैसला दोनों शहरों में अत्याधुनिक, नियोजित और बेहतर समन्वय के साथ परिवहन व्यवस्था को संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है। यूएमटीए समन्वित व अत्याधुनिक, मल्टी मॉडल मोबिलिटी सिस्टम का विकास करेगी।
इसमें लोगों तथा माल ढुलाई के लिए बिना मोटर वाले वाहनों के संचालन पर भी फोकस होगा। यूएमटीए इसके साथ ही ऐसी नीति भी बनाएगी, जिससे दोनों शहरों में परिवहन सेवाएं सुदृढ़ हो सकें। इसका फोकस विभिन्न संगठनों व एजेंसियों के बीच समन्वय तथा समान सुविधाओं के प्रबंधन पर भी होगा।
विज्ञापन
बैठक में तय किया गया कि यूएमटीए मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के तहत काम करेगा। इसके मुखिया प्रदेश के मुख्य सचिव होंगे। परिवहन से जुड़े विभागों के प्रशासनिक सचिव, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि तथा स्वतंत्र विशेषज्ञ इसके सदस्य होंगे।