अखनूर। प्रशासन द्वारा कस्बे के मुख्य बाजार में जम्मू से आने वाले बसों की आवाजाही मुख्य बाजारों में प्रतिबंध लगाने पर व्यापार प्रभावित हो गया है। व्यापारियों और दुकानदारों में प्रशासन के प्रति रोष है। मांग की है कि यात्री बसों की आवाजाही बाजारों से की जाए।
अखनूर प्रशासन ने कुछ माह पहले जम्मू से आने वाले राजोरी, पुंछ और अखनूर की बसों की आवाजाही पर मुख्य बाजार में रोक लगा दी है। छंब रूट की बसें वाया दसकाल होकर फव्वारा चौक आ रही हैं। पहले सभी बसें स्टील ब्रिज से अखनूर के बाजारों में आती थीं। इसके बाद ज्यौड़ियां, खौड़ सहित अन्य गांवों में आवाजाही करती थीं। प्रशासन ने यह आदेश अखनूर के बाजारों में लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए लागू किया। दूसरी ओर प्रशासन के इस कदम से व्यापार प्रभावित हो गया है। व्यापारी रमेश कुमार ने कहा कि जम्मू से आने वाली बसों को मुख्य बाजारों में प्रवेश पर प्रतिबंध करना एक तरफ फैसला है। इससे अखनूर के व्यापार पर असर पड़ गया है। प्रशासन को चाहिए कि बसों को अखनूर बाजार में आने दिया जाए।
दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि जम्मू से अखनूर आने वाले बसें स्टील ब्रिज से अब वाया गांव दसकाल चौक से अखनूर में आने से व्यापार प्रभावित हो गया है। यात्री बसों का रूट बदलने पर स्टील ब्रिज से अखनूर दो किलोमीटर अतिरिक्त लोगों को आवाजाही करनी पड़ रही है।