अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। ग्लैडनी, बर्न, जानीपुर व कैनाल ग्रिड में पावर ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो गए। मंगलवार दोपहर बाद जैसे ही लोड बढ़ा तो ट्रांसफार्मर हांफने शुरू हो गए। इस कारण दोपहर 12 बजे से लेकर शाम सात बजे तक लोगों को कट सहन करने पड़े।
ग्लैनी में दोपहर 12 बजे ट्रांसफार्मर ओवरहीट हुए। इसके बाद सवा 12 से लेकर डेढ़ बजे तक नरवाल, सुजवां, बागे बाहु, गांधी नगर, शास्त्री नगर सहित अन्य जगहों में बिजली बाधित रही। इसके बाद जैसे ही लोड बढ़ा तो देर शाम तक कट लगने का क्रम जारी रहा। इसके अलावा कैनाल ग्रिड, बर्न और जानीपुर में ओवर हिटिंग के कारण पुराने शहर, बस स्टैंड, तालाब तिल्लो, मुट्ठी, कुंजवानी, वेयरहाउस में बिजली कट लगे। वेयरहाउस स्थित सुंदर मोहल्ले में ट्रांसफार्मर ओवरहीट हुआ। यहां शाम सात बजे लेकर आठ बजे तक बिजली बाधित रही। इसी तरह पुराने शहर में सुजवां और सिद्दड़ा इलाकों में भी सायं चार बजे के बाद तार जल गए। आपूर्ति शाम छह बजे के आसपास बहाल हुई। बिजली कट लगने के कारण पानी की आपूर्ति भी कई इलाकों में बाधित रही।
नहरों में नहाने के लिए उमड़ी भीड़
दोपहर के समय भीषण गर्मी में नहर के ठंडे पानी से नहाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। कैनाल नहर, शक्ति नगर, राजपुरा चुंगी, तोपशेरखानिया सहित अन्य इलाकों में युवा नहाने के लिए पहुंचे। इसी तरह तवी नहर में भी लोगों ने नहाने का खूब आनंद लिया।
-