धर्म नगरी के नाम से प्रसिद्ध परमंडल तीर्थ स्थल व आसपास के इलाके पिछले करीब दस दिनों से अंधेरे में डूबे हुए है। स्थानीय लोगों का बिजली विभाग पर आरोप है कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद समय पर ट्रांसफार्मर को बहाल नहीं किया जा रहा है।
दीपक शर्मा का कहना है कि परमंडल मंदिर के पास और बस स्टैंड में लगे ट्रांसफार्मर करीब दस दिन पहले जल गए थे। उनका कहना है कि मंगलवार को रिपेयर होकर ट्रांसफार्मर आए तो राहत की सांस ली, लेकिन मंदिर के पास लगा ट्रांसफार्मर करीब आधे घंटे बाद ही जल गया।
बस स्टैंड में लगा ट्रांसफार्मर भी चंद मिनटों में दोबारा जल गया। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुरेश कुमार, नरेश कुमार, सुरेश खजूरिया और अजय मगोत्रा का कहना है कि जल्द बिजली सेवा बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन शुरू करेंगे।