रियासी। बीते शनिवार को चार घंटे में ही जिले के दो पदाधिकारियों का तबादला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। शनिवार रात को लगभग 10 बजे डीसी चरणदीप सिंह का स्थानांतरण किए जाने के निर्देश जारी हुए। वहीं, रात दो बजे एसएसपी शैलेंदर सिंह को भी स्थानांतरित किया गया।
सरकारी निर्देश पर बबीला रकवाल को डीसी और अमित गुप्ता को एसएसपी रियासी नियुक्त किया गया है। डीसी व एसएसपी का स्थानांतरण स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं, तो कुछ इसको सरकार का आम निर्देश मान रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में जारी खनन में दोनों अधिकारियों के आपस में तालमेल न होने के कारण उनका स्थानांतरण किया गया है।
पिछले दिनों पुलिस ने खनन कर सामान ढोने वाले ट्रैक्टर ट्राली जब्त किए थे। जिसके विरोध में ट्रैक्टर ट्राली चालकों और मालिकों ने धरना देते हुए प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद डीसी चरणदीप सिंह ने ट्रैक्टर ट्राली को चलाने के निर्देश जारी किए थे। उसके बावजूद पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को जब्त करने का सिलसिला जारी रखा।
लोगों का कहना है कि एक जनवरी को श्री माता वैष्णो देवी के भवन में हुए दर्दनाक हादसे के बाद सुस्त पड़ी जांच के बाद दोनों अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। जनप्रतिनिधियों के साथ दोनों का अच्छा तालमेल न होने को भी स्थानांतरण का कारण माना जा रहा है।